Monday, April 09, 2007

.क्योंकि बिल्ली और बकरी इनकी टीचर हैं


आपका वास्ता कभी न कभी तो ऎसों से पडा ही होगा जिनके लिए दुनिया उन्हीं से शुरू होकर उन्हीं पर खत्म होती है ! वैसे आप टालने के लिए कह सकते हैं कि नहीं जनाब कभी नहीं ,पर हम समझ जाएंगे कि आप हमें टरका रहे हो ! खैर आपका अनुभव चाहे जो हो हमारा तो यह साफ -साफ देखना रहा है कि जहां भी कोई छोटा सा स्ट्र्क्चर खडा होता है वहां आनुपातिक तौर पर कुछेक मैंवादी किस्म के जन अपने मवाद के साथ आ खडे होते हैं ! कोई नहीं जानता कि बकरी और बिल्ली से इनकी पहली मुलाकात कैसे हुई परंतु इनके मुख द्वारा उच्चरित ध्वनियां इन अनाम टीचरों की याद अवश्य दिलाती है! इन शिष्यों की पहचान यह होती है कि संरचना के हर कोने पर ये अपनी छाप बनाने के लिए किसी भी किस्म की जेहमत उठाते हैं ! ये मानकर चलते हैं कि इनके पास दुनिया का सबसे अकाट्य तर्क होता है और इनके कुतर्क-शास्त्र के हर पन्ने पे दुनिया के महान तर्कों को काटने की अचूक विधाओं का जिक्र रहता है !ये मवादी जन अपने नाजुक कंधों पर सारे जग का भार ढोए चलते हैं और चलते चलते बीच- बीच में गा उठते हैं- "न था कुछ तो मैं था कुछ न होगा तो मैं रहूंगा ' ....

वैसे हमारे सरकारी दफ्तरों में ऎसे जन बहुतायत में मिलते हैं आप काम पड्ने पर इन दफ्तरों में जाते हैं तो ये आपकी ओर इस भांति नजर उठा कर देखॆगे मानो आप दुनिया के दीनतम प्राणियों में से एक हों इनकी काम में व्यस्त आखें अपको इस कदर घूर सकती हैं मानो कह रहीं हों कि आप ही दुनिया के सबसे फालतू इंसान हो जिसे खुदा ने धरती के कामों में विघ्नकारी तत्वों के रूप में पैदा करके छोड दिया है ! इस प्रकार के जरूरी किस्म के इंसानों की सारी एनर्जी इस बात में खर्च होती है कि बढिया चीजों का क्रेडिट उन्हें ही मिले और लोग उनके होने को सिस्टम का एक बडा सौभाग्य मानें ! इन प्राणियों की टांगे जरूरत से ज्यादा लंबी और अनुभवी होती हैं यानि इन्हें पता होता है कि किस बात पर कहां कितनी लंबी टांग अडाए जाने से इच्छित फल की प्राप्ति होगी !

सरकारी महकमों के कमरों में बैठे कई छोटे बाबुओं ने हमें हमारी औकात बताई है और छोटे कामों के लिए इतने चक्कर कट्वाए हैं कि हम अंततः अपनी गफलत को दूर कर लें और मानने लगें कि किसी भी काम को छोटा नहीं समझना चाहिए ! यूं ही नहीं न बदीउज्जमां को खुद सरकारी अफसर होते हुए भी सरकारीतंत्र के चूहों पर , चूहेमारी पर और सारी संरचना में एक रचनात्मक - सीधे- सादे व्यक्ति की अदनी स्थिति पर लिखना पडा ! वे लिख गए कि कैसे सिस्टम में सिर्फ मैंवादी ही बचा रहता है चूहा बनकर और जिसने चूहेपन के खिलाफ जाकर लोहा लिया , बेनाम हो जाता है ! इसी से मैंवादियों का इतना बोलबाला दिखाई देता है और चारों ओर उनका मवाद भी सडांध पैदा करता है !

रचनात्मकता की भूमि पर भी एक से एक मैंपने के मुरीद आ बैठे हैं जिनका मानना है कि रचनात्मकता का सारा जिम्मा मां शारदा ने उनके कंधों पर ही डाल दिया है और अब वे यथाशक्ति इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं प्रत्येक रात्रि को मां उनके स्वप्न आकर सृजनात्मक जगत की सारी खबरें लेती है जिससे सुबह उठकर वे साहित्य और कला जगत के मल को साफ कर अपने होने की सार्थकता पर सीना फुलाए डोलते हैं ! चिट्ठा जगत की वर्चुएलैटी में भी ऎसे "अगर हम न होते तो तुमहारा क्या होता ?" मार्का मैंवाद का फन फैलाए खडे स्वयंसिद्ध गिद्ध हो सकते हैं जिन्हें ये लग सकता है कि ये चिट्ठा जगत उनसे है ...... लेकिन यहां तो अंत तक वही होगा जो समर्पित रचनाकार होगा , अन्य कोई नहीं......

Wednesday, April 04, 2007

क्यों न करें हम चिट्ठा , क्योंकर करें विवाद

हम सब इस चिट्ठाजगत की संतानें हैं। ये चिट्ठाजगत हमारी कर्म- भूमि भी है और रंग (रण)–भूमि भी । यहां विवादों को पैदा करने का अपना मजा है(चाहे ये विवाद हमारी जारज संतानें ही क्यों न हों) । यदि विवाद न उठा पा रहे हों तो विवाद मे पडना भी कोई कम मजेदार नहीं है (यह आ बैल मुझे मार न प्लीज वाली कहावत को चरितार्थ करने वाला काम है जनाब!) और ऎसी बैलों की मार खाने का आनंद गूंगे के गुड के समान है ! अभी हाल में ही हुए _मुखौटा विवाद , मोहल्ला विवाद , रसोई विवाद , इरफान विवाद आदि विवादों में विवादकर्ताओं ने और इन विवादों में टांग अडाऊ टिप्पणीकारों ने बहुत-बहुत मजे लूटे हैं।

इन बहसी मसलों में नामी-गिरामी कमेंटकारों के अलावा बहुत से गुप्त रोगियों अ अ मुआफ करें गुप्त टिप्पणिकारों ने अफवाहों के तीतर लडवाए हैं अब यही वजह है कि मसिजीवी, आलेचक , खुद मैं ,निर्मल जी ,( काकेश जी का पता नहीं) आदि ने , जो कि बिंदास पोस्ट मारा करते हैं ( थोडी देर को मौजें लेना छोडकर) टिप्पणी बाधक-शोधक तकनीकों की शरण गही। निर्मल आनंद में बहते एक पोस्टकार को तो सेंत मेंत में अपने गिरेबान में झांकना पडा साहब।;);) (दो-दो इस्माइली चेपी हैं सर जी नोटपैड की सोहबत से अकल लेके)
हां तो हम कह रहे थे कि यह विवाद-भूमि हमें प्राणों से भी प्यारी है जब से हम इस विवाद रस को टेस्ट किए हैं घर –पडोस- दफ्तर के रगडे- झगडे बेमजा लगने लगे हैं। अब तो बाहर कोई टांट मारे या कि टांग खींचे हमें बिल्कुल परवाह नहीं होती ! यही सब से आजू – बाजू वाले सामाजिकों को यह अंदेशा हो गया है कि हम किंही बाबा या मां के चंगुल में फंस गए हैं जिससे हमारे सारे सांसारिक मोह सिमटते जा रहे हैं। हे हे हे। मूर्ख प्राणी सब- के –सब। भौतिक जगत के टंटों में पडे ये क्या जानें हमें किस स्वर्गिक आनंद की प्राप्ति होने लगी है आजकल कसम से ! यहां कइयों की पीठ में खुजली उठती है कइयों उसे खुजाते हैं ,कइयों के हाथ की अंगुलियों में चरपरी खुजली होती है , कोई गुप्त पीडा का सार्वजनिक प्रदर्शन करता है तो कोई( जिनकी बातों को बाहर कोई सीरियसली नहीं लेता) हास्य-व्यंग्य के बाण-पे-बाण मारके वहवाही लूटते नहीं अघाते----एक से एक यूनीक पीस ! ;)
सबकी अपनी डफ्ली अपना-अपना राग और तो और किसी की अपनी डफली फटी हुई है तो किसी आन की डफली पे दो - दो हाथ मारने की उतावली में हांफ रहा है ! अपन की कहानी अलग है ! हम तो अपने चिट्ठाबाज शिरीमान जी की चिट्ठाखोरी से उकता के त्रिलोचन की चंपा की तर्ज पे बोल बैठे -- चिट्ठाजगत पे बजर गिरे... पर फिर ठंडे दिमाग से सोचा इत्ती जल्दी भी क्या है जरा देखें तो क्या बला है ये जगह! एक दिन हम देख्ते हैं कि हम भी चिट्ठा बना रहे हैं - वाद-संवाद ....पर राम कसम वाद किया संवाद किया पर विवाद कभ्भी नहीं ! अब क्या हैं कि जैसे हमारे भारतीय शास्त्रीय संगीत में वादी संवादी विवादी तीनों स्वर होते हैं तो भाई जी यहां क्या न हों !

खैर छोडें जनाब चिट्ठाकारी का लुत्फ हो या अपने भाई बंदों की पोस्टों को आपरेशन टेबल पर लिटाकर उनकी चीराफाडी का मजा हो या विवादों की चिंगारियों को हवा देने का भीतरी सुख हो – चिट्ठाजगत में आए हैं तो इनके लिए ही तो ! तो फिर क्यों न करें हम अपनी इस चिट्ठा-भूमि को शत-शत नमन !

Monday, April 02, 2007

आप कितने किलो की हैं? उर्फ 34-24-36 जिंदाबाद

स्त्री की देह समाज के लिए सदा से कौतुहल का विषय रही है। सीमोन से लेकर जर्मेन ग्रीयर और मृणाल पांडेय से लेकर प्रभा खेतान के द्वारा स्त्री देह से जुडे शोषण के संरचनात्मक पहलुओं पर काफी लिखा जा चुका है लिखा जा रहा है। लेकिन स्त्री के आस पास की सामाजिक संस्थाएं इस स्त्री विमर्श और स्त्री के आडे आती रहीं हैं । यही कारण है कि एक आम भारतीय स्त्री को रसोई , सौंदर्य , सोना , घर ,रिश्ते अपने अस्तित्व से जुडे अभिन्न पहलू लगते हैं जिनके खिलाफ संधर्ष का ऎलान वह कभी नहीं कर पाती। आज बाजार स्त्री देह के नए नए उपमान गढ रहा है और जिस स्त्री छवि को वह समाज के सामने आक्रामक ढंग से परोस रहा है उसमें स्त्री स्वातंत्र्य और स्त्री के अस्तित्व के सारे विमर्श परिधि पर पहुंच गए हैं । स्त्री की रचनात्मकता, कोमलता, सुंदरता आदि के मिथों को गढकर स्त्री को मृग मारीचिकाओं में भटकते रहने के लिए छोड दिया गया है ...घर-बाहर दोनों जगह ही.....जिस तर्क से स्त्री का रसोई में रहना सिद्ध किया जाता है उसी तर्क के सहोदरधर्मी तर्कों से स्त्री का प्रदर्शनकारी भूमिकाओं में होना सिद्ध किया जाता है । खबर है कि इंडियन एयरलाइंस की विमानपरिचारिकाएं 200 ग्राम वजन ज्यादा होने पर विमान सेवाओं के अयोग्य हो जाती हैं तथा उन्हें इसके अतिरिक्त के कार्य सौंप दिए जाते हैं इस संबंध में कोर्ट का निर्देश है कि उन्हें ऎसे कार्यकाल में भत्तों के अतिरिक्त पूरा वेतन दिया जाना चाहिए । स्त्री की देह बाजार की सबसे बडी आय का माध्यम है। वह अन्यों के द्वारा बनाई गई अपनी छवि को पाने में रत समाज का हाशिए पर पडा नितांत अकेला कुनबा है...कौन है उसका सच्चा साथी... कोई तो होगा ही कभी न कभी.......

Saturday, March 24, 2007

रुकोगी नहीं क्‍या, इड़ा....

कभी कभी मन में प्रश्न उठता है कि जयशंकर प्रसाद की "कामायनी" क्या कभी अप्रासंगिक नहीं होगी और बदीउज्जमां का एक 'चुहे की मौत 'क पात्र 'वह,'ग' आदि क्या हम सब में सदा के लिए घर कर गए हैं? ....उफ बडे कडे और टेढ़े सवाल हैं.....दरअसल व्यव्स्था का अंग होकर जीना व्यक्ति के लिए आसान होता है । उसके ढेरों भौतिक फायदे होते हैं ।पर व्यवस्था से संवेदना की उम्मीद नहीं की जा सकती बल्कि व्यवस्था हमें सिखाती है स्वयं की तरह ही संवेदनहीन होना। व्यवस्था के लिए व्यक्ति मात्र उपकरण होता है--व्यवस्था रुपी मशीन का यंत्र मात्र ।यंत्र के लिए जरुरी है --यांत्रिकता। संवेदनाओं का यहां काम ही क्या?व्यवस्था के लिए व्यक्ति नामहीन है या यों कहें कि उसके लिए व्यक्ति एक नंबर भर है ।हमारे पास दो तीन तरह के ही रास्ते बच रहते हैं--इस संघर्ष के विरोध स्वरुप एक अन्य व्यवस्था खडी करना चाहते हैं या फिर व्यव्स्था को अपनी नियति मान बैठते हैं या फिर इस दुर्ग के भीतर के बजाए बाहर खडे होकर वार करना चाहते हैं! जो भी हो यह यांत्रिकता ,संवेदनशून्यता हमारे भीतर इतनी उतरती जाती है कि कोमल भावनाएं उपहास का विषय लगने लगती हैं! यही वजह है कि कला के स्थूल से लेकर सूक्ष्म माध्यम को भी सच्चे सहृदय बहुतायत में नहीं मिल पाते !दर्शक पर एक संवेदनाप्रधान फिल्म का प्रभाव सिनेमा घर के बाहर काफूर हो जाता है। उसके बाद यह तो हो सकता है कि दर्शक इस फिल्म को एक रोचक फिल्म के रूप में याद करें किंतु यह कलात्मक अनुभव उस दर्शक के जीवन में संवेदनात्मक पक्ष को समृद्ध बनाए -यह नहीं होने पाता।साहित्य की तो खैर इस संदर्भ में बात ही क्या की जाए .....बात ये कहां से कहां आ गई मैं दरअसल कह यह रही थी कि व्यवस्था व्यक्ति को आतंकित करती है और अभ्यस्त बनाती है । एक व्यक्ति के लिए इसकी विकरालता और जटिलता इतनी अबूझ होती है कि वह सहर्ष यांत्रिक हो जाता है..भावनाओं की सतरंगी दुनिया से परे,संवेदना के कोमल धरातल से दूर..वह होता है मात्र एक कलपुर्जा(कामायनी की सारस्‍वत सभ्‍यता...और इड़ा) ...इस अतिमशीनीकृत सभ्यता संस्करण में "आंसू "की नम धरती ,झरने सा उत्फुल्लित जीवन और मानव से मानव का मानवीय संबंध कब होगा ....?

Monday, March 12, 2007

चिट्ठोद्रेक से चिट्ठोन्‍माद......हमारा चिट्ठा वर्ल्‍ड, हमारे चिट्ठावर्ड

अफलातून जी,
आप चिट्ठाकारी में इस्‍तेमाल हो रहे नए शब्‍दों को लेकर असहज महसूस कर रहे हैं...शायद।
रवीश जी ने ब्लॉगपत्य शब्द का इस्तेमाल किया है। मैंने भी ब्लॉगसभा शब्द का प्रयोग किया है, और आपका कहना है इस पर एक गंभीर बहस होनी चाहिए। भाषा बहता नीर है, जब जब जरूरत होती है हम नए शब्द गढते ढूंढते हैं खास तौर पर व्यंग्य का तो प्राण तत्व ही नवीन भाषा प्रयुक्तियां हैं। भाषा का अब तक का विकास भी मानव की भाषिक सृजनशीलता की पगडंडियों पर चलकर हुआ है। भाषा कोई जड वस्तु नहीं है, उसका निरंतर विकास ,परिमार्जन उसके प्रयोक्ता द्वारा किया जाता है। वह हमारे जीवन के साथ चलती है, जीवन उसको अपने साथ लेकर चलता है। विशेषकर तकनीक के साथ भाषा में निहित लचीलेपन का प्रयोग कर यदि हम अपनी अभिव्यक्ति कर पाते हैं तो हम अपनी भाषा के साथ कोई अन्याय नहीं कर रहे होते हैं। हम अभिव्यक्ति के लिए दूसरी भाषा की शरण में जाने से पूर्व अपनी भाषा की संभावनाओं को तलाशते हैं। यह हमारी सृजनशीलता और अपनी भाषा के प्रति हमारा प्रेम है इससे भाषा अशुद्ध नहीं होती वरन समृद्ध होती है। हिंदी चिट्ठाकारिता में हम सब नई राहों के अन्‍वेषी हैं साथ मिलकर भाषा के कारखाने में हमें काम करना होगा इस संबंध में कुबेरनाथ राय का निबंध भाषा बहता नीर बहुत प्रासंगिक हो जाता है, वे जब कहते हैं कि नए शब्दों के प्रयोग की कसौटी यह हो कि प्रयुक्त शब्‍द वाक्य संरचना में ऐसा न प्रतीत हो जैसे पूजा की थाली में अंडा ..शब्द वाक्य में खप जाए तथा निहितार्थ को व्यक्त करते हों। आने वाले समय में तकनीक हमारे जीवन का अभिंन्न अंग होगी तब हम क्या भाषा के बिना काम चलाएगॆं या किसी अन्य भाषा की शरण में जाएगें। जिन दिनों मैंने अपना चिट्ठा बनाया था मैं इस प्रश्न से जूझी थी फिर हमने चिट्ठाकारिता से जुडे नए शब्‍द युग्मों पर भी विचार किया था जैसे -रसाभास की तरह चिट्ठाभास, सगुणोपासना की तर्ज पर चिट्ठोपासना, ऐसे ही चिट्ठोन्‍माद, चिट्ठाशाली, चिट्ठोद्रेक, चिट्ठारत, चिट्ठामयी, चिट्ठाजीवी, चिट्ठाखोर, आदि ब्‍लॉगित और लिंकित तो मेरे शोध विषय में ही हैं।(.... और चिट्ठाजगत के लिए लगातार यह कौतुहल का विषय है कि मेरा मन 'लिंकित' क्‍यों है...पर उसका जबाव फिर कभी) कुल मिलाकर हमें तो लगता है कि चिट्ठाकारी के इस नीर को बहने दो, यह कूल तोड़ेगा भी और नए द्वीप भी रचेगा ..... हमें तो यही काम्‍य है।

Wednesday, March 07, 2007

नारद मामा का करें कि भेजा शोर करता है?

भाई हम तो अब वो बोलते बोलते थकाए गए है'जो हमसे बुलवाया जाता रहा है अब तक ।अब वो बोलना है जो हम बोलना चाहते हैं और बाकसम वही बोलेंगें भी ।चुपाए चुपाए बडे दिन हो लिए बातें भी एसी कि किससे कहें कोई तो मिले दिलदार सुननेवाला ।ये क्या कि पहले तो मुहं खोलिबे की हिम्मत न हो ,जैसे तैसे जुटाए रहें तो सैन-बैन, तीर तरकस ,तलवारन से लैस जन आजू- बाजू आ खडे हों ।अरे कुछ हम कहें कुछ तुम कहो बातन-बातन में नेक तो काम का विचारो -करो ।ये क्या कि दिल की दिल में र्रखे बैठे रहें,ऊपर ऊपर से मुंडी हिलाए -हिलाए हामी भरे- से दीखते रहें तुम्हारी कही पे ।वैसे बडी गजब सोच दीखे कुछेअक की-आचारसंहिता उचारसंहिता को लेकर कसम से ।अब कौन बनाएगा ये कौन के पास इत्ती सोच -बुद्धि रखी धरी है जरा हमें भी तो कराओ ओके दरसन। का है कि हैं तो अदने अभी पर खरी खरी दो - चार कभी- कभार कह बोल ही लेते हैं हम ।अच्छी सच्ची बात कहीं तो कही जाएगी चाहे जमाना लाख रोके । मन पंछी पे कित्ती भी रोक लगाओ वह तो फडफडाएगा ही । ये क्या कि कोई बोले मेरी सोच से तेरी सोच मेल नहीं खाती और ये सुनी के सोच का पंछी चुपा जाए । तुम्हारे खंडन करने ,हामी न भरने से डरिके हम वो सोच बैठें जो तुम चाहो सो तो होगा नहीं अब। कान तुम्हारे हैं चाहो तो बंद करि ल्यो या फिर अपनी बात रखो । वैसे दिल की कह देने ही तो हम आए थे यहां वरना तो जीते थे जैसे सब जीते हैं । तुम भी जरा कह लो सुन लो दो चार बातें ,काट -कूट के अपनी मति बताए ..दो अब का कहें कि भेजा शोर करता ही है मेरा हो या कि तुम्हारा......

Tuesday, March 06, 2007

बंदीघर में विचार

कविता जिंदगी को बयान करने का सबसे खूबसूरत अंदाज है जब सपाटबयानी से काम नहीं चलता कविता करने बैठ जाती हूं सुकून मिलता है ....कभी कभी तलधर के सामान को धूप भी चाहिए...खैर एक कविता यूं ही बाहर आ गई और मैंने यहां पोस्टित कर दी..



विचार का आना यों हुआ
विचारधारकों के यहां
मानो बंद दरवाजे के नीचे से
खिसका दिया गया हो कोई अखबार....
कुंदधार हथियार-सा विचार
प्रतीक्षा में लीन
म्यान में पडा
दुनियावी दबावों के बहाने
तहखानों में बैठ
दशकों तक सडा ......
जिनकी मोहक म्यानों में
आज ये हथियार है वे
बिना लडे झुक चुके
विचार की पूजा में थाली सजाए
अनुभव को दुरदुराते झुठलाते
अब चुक चके वे......
....बंदीघरों में महफूज विचार
संग्रहालयों में ही सजा दो
तो शायद बेहतर हो...

Saturday, February 24, 2007

.....मुजरिम हाजिर है प्रत्‍यक्षा

अब पकड़ाए में आ ही गए, तो भागना कैसा। ..आई सरेंडर। आपने भी खूब पकडा हमें मैंने एक परंपरागत शोधार्थी वाली भूमिका में चिट्ठा जगत के अंतर्मन की तहों तक पंहुचने की कोशिश शुरू की ही थी कि इस खेल में शामिल कर ली गई। अब जब खेल के मैदान में उतर ही आई हुं तो पूरी सच्चाई से खेल के नियमों को निभाते खेलना ही होगा ..शायद खेल खेल में नया कुछ पा जाऊं। प्रत्यक्षा जी, दरअसल मैं बिल्कुल नयी चिट्ठाकार और शोधार्थी हुं इसलिए इस खेल का महत्व अभी समझ ही रही हूं। साथ ही अपने पांच शिकारों को चुनने के झमेले में भी फंसी हुं। तो पहले आपके पांच सवालों के जवाब दिए देती हूं बाकी बातें बाद में



  1. जिंदगी की सबसे धमाकेदार सनसनीखेज वारदात--मेरा इस संजालजगत में प्रवेश करना ही है। शायद.... पतिदेव नामक प्राणी का हर वक्त कंप्यूटर के आगे बैठे रहना बहुत अखरता था और अब आलम ये है कि मामला ही उलट गया है अब होड होती है क्योंकि दोनों को ही ब्लॉग पर पोस्टियाना होता है जबकि कंप्यूटर एक ही है

  2. चिट्ठा जगत में भाईचारा और बहनापा सत्य और माया के बीच का कुछ तत्व है ये विवशता भी है और सहयोगपूर्ण सहअस्तित्व भी इस बहस पर बाकी प्रकाश शोध के दौरान डालती रहूंगी

  3. अंतरंग सवाल- वैसे कभी अवसर मिला तो जानना चाहूंगी कि जीतू, अनूप, रवि रतलामी आदि को कैसा लगता है जब उन्‍हें एक दिन अपने ही खड़े किए चिट्ठाजगत में आप्रासं‍गिक हो जाने का खतरा दिखाई देता होगा।

  4. टिप्पणी का जीवन बहुत महत्व है-- इससे टिप्‍पणीकार हर चिट्ठाकार में भाईचारा और बहनापा बढता है

  5. हां चिट्ठाकारी छपास पीडा को शांत करती है दैविक दैहिक भौतिक तापों में एक इस ताप को भी शामिल मान लेना चाहिए। अपन तो जबरिया लिखि है ......वाला दर्शन सही है अब अपन के लिखने से कोई दुखी हो तो हो...

मेरे पांच शिकार

सभी चिट्ठाकार बंधु इस श्रृंखला को तोड़ने के लिए स्‍वतंत्र हैं, मैं बुरा नहीं मानूंगी।
पांच सवाल



  1. आपकी चिट्ठाकारी का भविष्य क्या है ( आप अपने मुंह मियां मिट्ठू बन लें कोई एतराज नहीं)

  2. आपके पसंदीदा टिप्पणीकार?

  3. तीसरा सवाल वही है जो प्रत्यक्षा जी का तीसरा सवाल था यानि किसी एक चिट्ठाकार से उसकी कौन सी अंतरंग बात जानना चाहेंगे ?

  4. वह बहुत मामूली बात जो आपको बहुत परेशान किए देती है?

  5. आपकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत झूठ?

पांचों शिकार पांचो सवालों के सीधे सच्चे जवाब जल्द लिखें (और हां बकौल प्रत्यक्षा जी भगवान को हाजिर नाजिर जान कर लिखें )

Tuesday, February 20, 2007

का करूं सजनी..... आए ना बालम.........



घिसटते फिसलते हमने बिता ही दिए कई साल ।कुछ दिमागदारों और आसनधारियों की मिली जुली कवायदों के नतीजे में दोस्त-दुश्मनी की लुकाछिपी होती रही। रचनाकार बेकार ही कलम फेर -फेर कागज भरते रहे और दोनों ओर की जमीनों पर अदने लोग रेंगते -जीते -मरते रहे.... हां भाई ... कह सकते हो मेरे इस भावुक प्रलाप को कल की दुखद खबर से उफना हुआ...पर आप भी अपने अंदर कहीं ऐसे ही किसी तूफान से जूझ रहे होंगे शायद.... !
आंखें थक गईं उसकी राह देखते देखते जीभ पर छाले पड गए उसे पुकारते -पुकारते ....फिर पता चला कबीर के कहे का मर्म- अंखडियां झाईं पडी पंथ निहारि निहारि, जीभडिया छाले पडे राम पुकारि पुकारि.... .........उसे देखा भी तो नहीं हमने कभी !कैसा होगा वह ? क्या होगा उसका नाम ? कहते हैं आधी सदी से भी पहले एक बार उसके आने का शोर हुआ था--आधी रात के सन्नाटे में चुप्पी साधे हम उसकी राह तकते रहे ...सुबह हुई...और किसी खुमारी में हम यह समझ बैठे कि वह आया था....खैर छोडिए भी .... .....बडे बडे पंडितों से, पढने लिखने वाले समझदारों से,ताकत के मुंशियों से ,इससे- उससे सबसे पूछते फिरे .................ठीक-ठीक तो कोई भी नहीं बताता है और हम मायूसियत में अकेले बैठे यूं ही गा देते हैं--का करूं सजनी आए ना बालम........!

Monday, February 19, 2007

लवली हेयर वेरी फेयर....इज दैट यू....?


अभी पिछले दिनों नस्लवादी कौमौं के खिलाफ शिल्पा शेट्टी प्रकरण के बहाने एक बहस मुबाहिसा सुनाई दिया।दुनिया की समतावादी,नस्लभेद विरोधी ताकतें इस मुद्दे पर लामबंद होकर एक बार फिर शांत हो गईं। बात आई गई हुई ।आस पास के हर छोटे बच्चे के सिर पर अपने इस संघर्ष का सारा बोझ लादकर हम भी बेखबर होकर जीने लगे । दुनिया के दस्तूरों, लडाइयों, बहसों,और खतरों से नावाकिफ इन बच्चों को अपने स्कूली जीवन की प्रारंभिक कविताओं में वह कविता आज भी सिखाई जा रही है जिसे हमने भी अपने बचपन में याद किया और गाया था .....
Chubby cheeks ,dimpled chin,
Rosy lips,teeth with in,
Curly hair ,very fair
Eyes are blue ,lovely to,
Teachers pet is that you?
Yes ,Yes ,Yes
हमारे आस पास इस तरह के सबकों को याद करता बच्चा अगर इसमें छिपे निहितार्थों को अपनी बोली में पूछ बैठे तो हम क्या जवाब देंगे ..................................?

Saturday, February 10, 2007

चीते की तलहटी में कोसी का घटवार


काफी पहले शेखर जोशी की प्रसिद्ध कहानी 'कोसी का घटवार' पढ़ी थी। कोसी किनारे की पनचक्‍की के पाटों की खिसिर-खिसिर करती नीरसता और खिचड़ी बालों वाले आटे की सफेदी से ढके, फौजी पैंट को घुटनों तक चढ़ाए घटवार गोसाईं के जीवन की निर्जनता भीतर तक पैठ गई थी। ‘.....कोसी बह रही थी......जीवन चल रहा था....घट की चक्‍की की मथानी पर पड़ता पानी घट-बढ़ रहा था.....’
आज वह गोसाईं मिल ही गया। कोसी किनारे नहीं, टाईगर नाम के तीस मीटर ऊंचे झरने की सूनी संकरी तलहटी के मुहाने पर। पहाड़ों की संकरी उतराई पर बसा नामहीन सा गॉंव जितना ठहरा-धीमा वह ग्राम्‍य जीवन था उतना ही तीखा-तेज दहाड़ता वह झरना।
गाड़ी कच्‍चे बेहद रपटीले और संकरे रास्‍ते पर कुछ दूर तक ही जा सकती थी बाकी का पैदल पहाड़ी उतराव शहरी मिजाज को चुनौती दे रहा था। आधा घंटा लगेगा नीचे उतरने में, साहब, रास्‍ता भी छोटा, ढलवां और कचचा मिलेगा। मिल गया था दो पहाड़ी बच्‍चों का साथ....वह भी बिना मॉंगे। उत्‍तरांचल पर्यटन विकास निगम का भविष्‍य में उस स्‍थान का उद्धार करने वाला बोर्ड....पहाड़ की ढलान को दो दो फीट छीलकर बनाई गई पगडंडी। कहॉं है वह झरना ? कब दिखेगा... हॉं शायद उसके पानी के गिरने की ही आवाज है पैरों की गति बढ़ जाती है उससे भी ज्‍यादा धड़कनों की....। तलळटी तक पहुँचने में भय, उत्‍सुकता ओर कैसे रहते हैं ऐसे नीरव सौंदर्य में दुनिया से कटे ये पहाड़ी ग्रामीण, जैसे शहराती सवालों से टकराहट सबका भारी सहारा था। पानी की दुबली धाराओं के ठीक किनारे बसा छोटा सा घट और घटवार पर नजर पड़ी। ऊपर से उतरते जनों की स्‍वरलहरियॉं सुनकर मेहमाननवाजी के सवर में चिंहुकता खिचड़ी वालों, आटे की सफेदी में सराबोर मैले फौजी रंग के कपड़ों में खड़ा घटवार। ‘आओ जी-- आओ आओ’ आवाज में पुरानी पहचान का दावा गुँजाता ......कया यह भी कहानी में अपने पाठक से मिल चुका है ? दो तीन तीखे पतले घुमावों और पानी की झीनी धाराओं पर पड़े पत्‍थरों पर से झरने की ओर ले जाता घटवार। यहॉं झरने को जी कम ही घूमने वाले जानते हैं। सीधी खड़ी सपाट पहाड़ी से नीचे गिरते सफेद पानी की महीन ठंडी छींटें। गिरते पानी से बने ताल के कोने पर ही खुलती पतली गुफा दिखाई दी। इस गुफा में काफी अंदर तक जा चुके हैं ये, खत्‍म ही नहीं होती....दोनों बच्‍चों में से एक अपनी मीठी जौनसारी में फुसुफसाया था।


घट को बाहर भीतर से बार बार देखतीं हमारी ऑंखें अपने साथ सजीव चलचित्र ले जाने की तैयारी में जुटी थीं। घटवार की आवाज कानों में पड़ी ‘एक मन पर तीन किलो आटा होता है पिसाई का, अकेले क्‍या खाना कितना खाना’ तीन ओर पहाड़ से घिरे झरने के पानी की धार से अविकल चलते धट के सूने निर्जन स्‍थल पर अधेड़ घटवार की लक्षमा के बारे में मन खुद ही कल्‍पनाशील हो उठा। खाने पीने के थैले से बिस्‍कुट के पैकेटों को निकालकर उन मैले कुचैले बच्‍चों की ओर बढ़ाते हुए मन पूछने को हुआ ‘तुम्‍हारी मॉं का नाम क्‍या है ? कहीं लक्षमा तो नहीं ....?
घटवार दूर खड़ा किसी के सिर से पिसान का बोझ उतरवा रहा था। मन हुआ कि पूछे लक्षमा से भेंट हो गई और क्‍या उसने चार पैसे जोड़कर, गंगनाथ का जागर लगाकर भूल चूक की माफी मॉंग ली। शाम रात में बदल रही थी और अंधेरे पहाड़ी रास्‍ते पर हमें तेजी से ऊपर चढ़ना था। रोशनी के नाम पर एक टार्च नाम के सहारे।

Monday, February 05, 2007

विचार:एक छाता

पिछले जीवन के अब तक के सभी अनुभव बताते रहे विचार से ज्यादा जरूरी है -विचारधारा ।आपके भविष्य का ग्राफ निर्धारित होता है इस बात से कि आपने किसी विचारधारा का दामन पकडा या नहीं। विचारधाराएं विचारों का छाता बन गई हैं। मेरे आस पास के कुछ लोग जिन्होंनें एसी छतरियों के बिना चलना शुरू किया था आज भी चल रहे हैं और आज भी ये व्यव्स्था हँसते हुए कह रही है उन्हें -कमअक्लो, धूप से बचने के लिए छाता जरूरी है।
मेरी एक पुरानी कविता


धूप से बचने के लिए जरूरी है छाता
हमारे छाताधारी समाज में छाते
कम हैं और लोग ज्यादा
कुछ के पास छाते हैं पैबंद लगे
तो कुछ छातों के मालिकाना हक
अभी विवाद का विषय हैं

और देखो उधर कुछ कमअक्ल
सिर पर ताप सहते कडी धूप में
चल रहे हैं गल रहे हैं
भाई समझाओ
अपने लिए छाते का करें इंतजाम
जरूरी है धूप से बचने के लिए एक छाता

Tuesday, January 30, 2007

चकराता का धूल भरा मैला-सा आँचल

साल मै जब कभी छुट्टियों का जोड़ा आता दिखाई देता है शहर की भागमभाग से भागने का मन होने लगता है । गणतंत्र दिवस की इस बार की छुटिट्यौ पाकर अति प्रफुल्लित होकर मनसूबे बनाने लगे जगह का चुनाव करने से लेकर रास्ते के चयन तक का सारी जिम्मेदारी इंटरनेट पर डाल दी गई ।हमारी यात्रा दिल्ली से उत्तरांचल मै स्थित चकराता तक की थी। ढेर सारी हरियाली आंखों मै भर लाने के मकसद से भरे चकराता पहुंचे किंतु निराशा हुइ वहां तो चारों ओर ढरकते अधनंगे पहाडों की धूल मात्र थी पहाड़ अपनी कहानी खुद कह रहे थे फिर कवि पंत की कविता याद आई _भारतमाता ग्रामवासिनी खेतों मै फैला है श्यामल धूल भरा मैला_सा आंचल लगा प्रकृति का यह रुप भी ग्राह्य है।

Tuesday, October 24, 2006

Kaise hai Dosthon

Apke sath samvad ka naya manch pakar bahut prasanta hui. Vad Samvad ke kam hote mancho se prabhavit hokar, anabhivyakti ki chle gaye vichar aj ashanvit hai. Masijivi ke prati vishesh abhar.